गर्मी के कहर के बीच भी खुला स्कूल, नियमों को लेकर विवाद|

Spread the love

Giridih : गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के जारीडीह गांव में इंडियन पब्लिक स्कूल के संचालन को लेकर विवाद सामने आया है। भीषण गर्मी के बीच, जहां तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, वहां स्कूल खुले रहने पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी तेज गर्मी में स्कूल चलाना बच्चों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल के संचालक महेंद्र वर्मा एक सरकारी शिक्षक भी हैं। आरोप है कि इसके बावजूद वे विभागीय नियमों को नजरअंदाज कर निजी स्कूल का संचालन कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस मामले को शिक्षा विभाग के नियमों के उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है।

एक ही नाम से दो स्कूल संचालित करने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, इंडियन पब्लिक स्कूल के नाम से दो अलग-अलग जगहों पर स्कूल संचालित होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक स्कूल जारीडीह गांव में चल रहा है, जबकि दूसरा, तारा चुगलो गांव के पास तारा गांव में संचालित किया जा रहा है। इनमें से एक स्कूल का यू-डाइस कोड 20060501403 बताया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर स्कूल का संचालन जारी रहना विभागीय निगरानी और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *