Ranchi : रांची जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। 23 मई को जिले के सभी बूथों पर अन-मैप्ड इलेक्टोरल लिस्ट जारी की जाएगी। इस सूची में वे मतदाता अपना नाम देख सकेंगे, जिनका नाम अब तक पुरानी मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों — तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर के सभी मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी। प्रशासन के अनुसार, जिन लोगों का नाम वर्ष 2003 की एसआईआर मतदाता सूची से अब तक अपडेट या मैप नहीं हो पाया है, वे अपने बूथ पर जाकर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। मतदाता 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची देख सकेंगे। लोगों की सहायता के लिए बूथों पर बीएलओ भी मौजूद रहेंगे, जो नाम जांचने और जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करेंगे।
पदाधिकारियों को दिए गए है निर्देश
जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को हर बूथ पर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनके विभाग से जुड़े बीएलओ और सुपरवाइजर मतदान केंद्रों पर मौजूद रहें। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें लगता है कि उनका नाम पुरानी मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने संबंधित मतदान केंद्र जरूर जाएं। वहां सूची जांचने के बाद वे बीएलओ से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
