रामगढ़ एसपी ने किया औचक निरीक्षण,थाना प्रभारियों को दिया सख्त निर्देश|

Spread the love

Ramgarh : रामगढ़ एसपी मुकेश लूनायत मंगलवार को अचानक गोला और बरलंगा थाना पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों थानों का निरीक्षण कर लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और पुलिस अधिकारियों व जवानों के कार्य विभाजन की जानकारी ली। उन्होंने थाना में रखे अभिलेखों, केस रिकॉर्ड और केस डायरी की जांच की। इसके अलावा विभिन्न मामलों के आरोपियों का भौतिक सत्यापन और लंबित मामलों की स्थिति का भी जायजा लिया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुराने मामलों को ज्यादा समय तक लंबित नहीं रखा जाए और उनका जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जेल से छूटे अपराधियों पर पुलिस रखेगी कड़ी नजर

एसपी मुकेश लूनायत ने पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्त बढ़ाने और जेल से छूटकर आने वाले अपराधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही थाना आने वाले लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया। रामगढ़ जिले में हाल के दिनों में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में एसपी का यह औचक निरीक्षण पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *