Lohardagga : झारखंड के लोहरदगा में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक एक मॉडिफाइड थार गाड़ी में ब्राउन शुगर लेकर जा रहे थे। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, चंदवा-लोहरदगा रोड पर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने अंचल अधिकारी के साथ मिलकर एक विशेष टीम का गठन किया। टीम में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पु.अ.नि. आदर्श कुमार, स.अ.नि. चंद्रदीप मेहता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काले रंग की एक थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में सवार चालक ने अपना नाम साजन नायक बताया, जो लोहरदगा के अंबेडकर नगर का रहने वाला है। वहीं दूसरे युवक की पहचान राजन कुमार महतो के रूप में हुई, जो ईंटा गांव का निवासी है।
ड्राईवर सीट के नीचे छिपाकर रखी थी ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने जब थार गाड़ी की तलाशी ली तो चालक सीट के नीचे बिछे काले मैट के नीचे सफेद कागज में लिपटा एक संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। जांच करने पर वह ब्राउन शुगर निकली। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 10 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से थार गाड़ी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में लोहरदगा थाना में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
