भाषा समझ नहीं आने पर युवक के गले पर मारा चाकू|

Spread the love

Chaibasa : चाईबासा के किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे पकड़ा और सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह पास की दुकान पर सामान लेने गए। इसी दौरान वहां मौजूद बस्ती निवासी कालू करूआ उनसे तमिल भाषा में कुछ कहने लगा। चंद्रमोहन भाषा नहीं समझ सके और सामान्य तरीके से जवाब दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात पर आरोपी गुस्सा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कालू करूआ ने अचानक चाकू निकालकर चंद्रमोहन गोप के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चंद्रमोहन घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग वहां जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए सेल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत पर नजर रखी। चिकित्सकों के मुताबिक, अब चंद्रमोहन की स्थिति खतरे से बाहर है।

पुलिस ने चलाया अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की गई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *