New Delhi : लंबे समय से पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर थीं, लेकिन अब आम लोगों को महंगाई का झटका लगा है। वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भारत में भी दिखने लगा है। पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ सकता है। नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, देश के दूसरे बड़े शहरों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 106.68 रुपये और चेन्नई में 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। कोलकाता में डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। अलग-अलग शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम करीब 2.83 रुपये से 3.29 रुपये प्रति लीटर तक बढ़े हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का कारन
इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को माना जा रहा है। वेस्ट एशिया में जारी तनाव का असर तेल बाजार पर साफ दिख रहा है। तेल सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ने से कीमतों में तेजी आई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से मंगाता है। इसलिए ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल के महंगे होते ही उसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ता है।
अप्रैल 2022 के बाद पहली बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
अप्रैल 2022 के बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई थी। उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। इसके बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने लंबे समय तक कीमतों को स्थिर बनाए रखा। मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले लोगों को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल के दाम 2 रुपये प्रति लीटर घटाए गए थे। इसके अलावा कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था।
