डोरंडा कॉलेज में छात्रा की आपत्तिजनक फोटो लेने के आरोप पर हंगामा, छात्रों ने की कार्रवाई की मांग|

Spread the love

Ranchi : राजधानी रांची के डोरंडा कॉलेज में एक छात्रा की गरिमा से जुड़े कथित मामले को लेकर माहौल गर्म हो गया है। आरोप है कि सेमेस्टर-1 के एक छात्र ने अपनी ही कक्षा की छात्रा की बिना अनुमति आपत्तिजनक तरीके से फोटो लेने की कोशिश की। जब छात्रा के भाई ने इसका विरोध किया, तो उस पर दबाव बनाए जाने का आरोप लगा। छात्रों ने बीकॉम विभाग की एचओडी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एचओडी ने छात्रा से कथित तौर पर कहा, “इतना चलता है, लड़की हो तो थोड़ा मैनेज करो।” घटना सामने आने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि शैक्षणिक संस्थान सुरक्षित जगह होने चाहिए, लेकिन अगर वहीं सम्मान और सुरक्षा पर सवाल उठने लगें, तो यह बेहद गंभीर बात है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के छात्र एकजुट हो गए। छात्रों का कहना है कि यह केवल एक छात्रा का मामला नहीं, बल्कि पूरे छात्र समुदाय की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। कई विद्यार्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। छात्रों ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में कॉलेज प्रशासन को तुरंत और पारदर्शी तरीके से कदम उठाने चाहिए, ताकि छात्रों का भरोसा बना रहे।

कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,छात्र नहीं रहेंगे शांत

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज का माहौल ऐसा होना चाहिए, जहां वे बिना डर के पढ़ाई कर सकें। उनका कहना है कि अगर किसी छात्रा को अपमान या असुरक्षा महसूस होती है, तो यह पूरे सिस्टम के लिए चिंता की बात है। कई छात्रों ने कहा कि सिर्फ आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव भी दिखना चाहिए। छात्रों और अन्य संबंधित पक्षों की मांग है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच पूरी की जाए और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो। फिलहाल इस घटना को लेकर कॉलेज परिसर में चर्चा तेज है और सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *