पानी-बिजली की समस्या पर कोडरमा में भाजपा का विरोध, हेमंत सरकार सरकार के खिलाफ घड़ा फोड़ प्रदर्शन|

Spread the love

Koderma : कोडरमा जिले में पानी और बिजली की लगातार हो रही समस्या को लेकर शुक्रवार को माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गांधी चौक से घड़ा लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान “हेमंत सोरेन हाय-हाय”, “पानी दो, बिजली दो, नहीं तो गद्दी छोड़ दो” और “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है” जैसे नारे लगाए गए। बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन देखने के लिए भी मौके पर जुटे।

डीसी कार्यालय के सामने घड़ा फोड़कर किया विरोध|

भाजपा कार्यकर्ता जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और घड़े फोड़कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले में पानी और बिजली की समस्या से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने किया। अनूप जोशी ने कहा कि जिले में लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट से आम लोग परेशान हैं। कई इलाकों में पानी की मोटर खराब होने के कारण पिछले 15 दिनों से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। अनूप जोशी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा, राजकुमार यादव, सुभाष मोदी समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता और महिलाएं भी शामिल हुईं उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *