Ranchi : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स से एक दुखद मामला सामने आया है। शुक्रवार को अस्पताल के मनोरोग विभाग में भर्ती एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। फंदा गमछे से बनाया गया था। घटना के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है। वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। इसी समस्या के इलाज के लिए उसे रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन इसी दौरान यह घटना हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टाफ और डॉक्टर तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
