Godda : झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड की सुरनी पंचायत स्थित घासीचक गांव में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय किशन दास नशे की हालत में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी रूबी देवी (55) से विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने धारदार हथियार (गड़ासा) से पत्नी पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटने की दर्दनाक जानकारियाँ :
घायल रूबी देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना उस समय और भी दर्दनाक हो गई, जब रूबी देवी अपने दो पोतों लव और कुश के साथ सो रही थीं। आरोप है कि आरोपी पति ने पहले उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर बच्चों के सामने ही गड़ासे से हमला कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
गांव में दहशत, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और भय का माहौल है। इस दर्दनाक वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा बरामद कर लिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
