Hindpiri: हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित छोटा तालाब इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में समीर उर्फ साबिर नामक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर की छत पर किसी काम से गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी –
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों और छतों के बेहद करीब से हाई टेंशन तार गुजर रहा था। इसे हटाने और सुरक्षित दूरी पर करने के लिए बिजली विभाग से कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही और अनदेखी के कारण एक युवक की जान चली गई। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिजनों ने बताया कि समीर रोजमर्रा के काम से छत पर गया था। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया और हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और बड़ा तालाब के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की भी मांग उठाई। स्थानीय लोगों का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका नतीजा यह दर्दनाक हादसा है। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग की अनदेखी के कारण एक युवक की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद मो. असलम, हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक लोग मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
