पटना में लगेगी देश की पहली ई-स्टांप वेंडिंग मशीन, रजिस्ट्री कराना होगा आसान, जानें सरकार का प्लान

Spread the love

पटना: बिहार में जल्द ही एटीएम की तरह मशीन से ई-स्टांप मिलेंगे, जिससे रजिस्ट्री कराने में सहूलियत होगी | फिलहाल इस मशीन को राज्य मुख्यालय पटना में टेस्टिंग के तौर पर लगाया जाएगा | सफल परिणाम मिलने पर इसे सभी निबंधन कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर लगाया जाएगा | उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की योजना फिजिकल स्टांप को हटाकर ई-स्टांप प्रणाली को पूरी तरह से लागू करने की है | विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि यह मशीन पैसे निकालनेवाली एटीएम की तरह ही होगी | उन्होंने कहा कि इस तरह के वेंडिंग मशीन से स्टांप बेचने की व्यवस्था अब तक देश में कहीं भी नहीं है | ऐसा करनेवाला बिहार देश का पहला राज्य होगा | सचिव ने कहा कि अभी ई- स्टांप की बिक्री को-ऑपरेटिव बैंक के माध्यम से की जा रही है | विभाग चाहता है कि ई-स्टांप की खरीद की व्यवस्था को लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाये |

गुंजियाल ने बताया कि पुराने कार्यालय भवनों और अभिलेखागार का जीर्णोद्धार किया जा रहा है | नए कार्यालय भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है | इस नई व्यवस्था से जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए इस्तेमाल होने वाले ई-स्टांप की किल्लत दूर हो जाएगी | लोगों को लंबी लाइन में भी नहीं लगना पड़ेगा | निबंधन विभाग ई-स्टांप की आसान उपलब्धता के लिए यह पहल कर रहा है | अभी जिस तरह एटीएम से मनचाही राशि निकाली जा सकती है, उसी तरह भविष्य में जरूरत के अनुसार राशि का ई-स्टांप भी निकाला जा सकेगा |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *