चोरी के आरोप में महिलाओं की जमकर पिटाई की, शिकायत थाने तक पहुंची तो जान से मार दिया जाएगा; जूतों की माला पहनाकर घुमाया

Spread the love

राजधानी रांची से सटे कांके के सुकुरहुटू गांव में कपड़ा चोरी के आरोप में तीन महिलाओं व एक पुरुष को बुरी तरह पीटा और चारों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में करीब दो घंटे तक घुमाया। घटना का वायरल वीडियो गुरुवार को रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा तक पहुंचा। उन्होंने नोटिस लेते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद कांके थाने की पुलिस ने पीड़ित महिलाओं का बयान लिया। घटना सोमवार 25 मार्च की बताई जा रही है। वीडियो में लाठी-डंडे से महिलाओं की पिटाई का दृश्य स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है। दो महिलाओं को बेरहमी से पीटा गया है। उनकी पीठ, हाथ, कमर और पैर में चोट के गहरे निशान हैं। चोट के कारण चल-फिर पाने में दोनों लाचार हैं। इन सभी का इलाज चल रहा है। तीसरी महिला को भी काफी चोट आई है।

महिलाएं दुकान पर कपड़ा खरीदने गई थी 

तीनों महिलाओं ने बताया कि रविवार को मेन रोड रांची के एक कपड़े की दुकान से खरीदारी करने उनमें दो महिलाएं गई थीं। इस दौरान कुछ लोगों ने उन पर कपड़ा चोरी करने का आरोप लगा दिया। इसके बाद दुकानदार ने महिलाओं को पकड़ लिया और दबाव देकर उनसे 13 हजार रुपये हर्जाना के तौर पर वसूल लिए। इसके बाद वीडियो बनाया, जिसमें दबाव डालकर उनसे चोरी की बात को स्वीकार करने को कहा गया। फिर उस वीडियो को वायरल भी कर दिया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने समाज की बदनामी के लिए दोनों महिलाओं को जिम्मेदार मानते हुए छोटी मस्जिद के भीतर बैठक बुलाई। बैठक में महिलाओं को बुलाया गया। बैठक में कमेटी के सदर शफीक मंसूरी सहित अन्य अधिकारी और सदस्य मौजूद थे। यहां मस्जिद के गेट को बंद कर महिलाओं की लाठियों से पिटाई की गई और उनको धमकी दी गई कि यदि इसकी शिकायत थाने तक पहुंची तो जान से मार दिया जाएगा। गांव में दाना-पानी बंद कर दिया जाएगा। एक पीड़ित महिला ने कहा कि वह घटना के दिन कहीं नहीं गई थीं। इसके बाद भी उसको मारा गया है। एक महिला के पति की भी बुरी तरह पिटाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *