रांची में एसी वायर चोरी का खुलासा, शातिर चोर और कबाड़ी दुकानदार गिरफ्तार|

Spread the love

Ranchi : राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना पुलिस ने एसी कॉपर वायर चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और एक कबाड़ी दुकानदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कर्बला चौक अलीनगर निवासी मो. आसिफ उर्फ नेपाली और कोकर चुना भट्ठा निवासी महेश लोहरा शामिल हैं। पुलिस ने चोरी किया गया 8 किलो एसी कॉपर वायर भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पहला मामला लोअर बाजार थाना कांड संख्या 88/2026 से जुड़ा है। इस मामले में कांके रोड चांदनी चौक स्थित पंचवटी रेजीडेंसी निवासी सौरभ अग्रवाल ने 13 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मेन रोड स्थित सर्वदा ज्वेलर्स की छत पर लगे एसी से तांबे का वायर चोरी कर लिया गया था। वहीं दूसरा मामला कांड संख्या 80/2026 का है। इसमें चुटिया गोसाई टोला निवासी गुरुलाल ने 26 अप्रैल 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि सुजाता चौक मेन रोड स्थित बैन हथुसैन स्टोर से तांबे का वायर चोरी हो गया था। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने पुराने आरोपियों और संदिग्धों का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मो.आसिफ उर्फ नेपाली चोरी किए गए एसी कॉपर वायर को कोकर चुना भट्ठा स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेचता था। इसके बाद पुलिस ने मो. आसिफ उर्फ नेपाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कोकर चुना भट्ठा स्थित लक्ष्मी लकड़ा कबाड़ी दुकान में छापेमारी की, जहां से 8 किलो चोरी का एसी कॉपर वायर बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में कबाड़ी दुकान संचालक महेश लोहरा को भी गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मो. आसिफ उर्फ नेपाली का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हिन्दपीढ़ी थाना में चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, एसआई सुधीर बाड़ा, संदीप कुमार मोदी, एएसआई अब्दुल माजिद, एएसआई सत्यनारायण कुमार और थाना के सशस्त्र बल की टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *