मेडिकल स्टोर बंद होने से पतरातू में बढ़ी मरीजों की दिक्कत|

Spread the love

Ramgarh : रामगढ़ जिले के पतरातू में बुधवार को दवा दुकानों की हड़ताल का असर मरीजों पर साफ दिखा। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के देशभर में बंदी के आह्वान पर इलाके की ज्यादातर मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। पतरातू के न्यू मार्केट, बिरसा मार्केट, ब्लॉक मोड़ समेत कई इलाकों में मेडिकल दुकानों के शटर बंद रहे। दिनभर मरीज और उनके परिजन दवाओं के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों और रोजाना दवा लेने वाले मरीजों को हुई। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर रोजाना दवा लेने वाले मरीजों पर पड़ा। कई लोग दवाएं लेने के लिए दुकानों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद मिले। लोगों का कहना था कि अचानक हुई हड़ताल से उनकी परेशानी बढ़ गई। रामगढ़ जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन से जुड़े दुकानदारों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने की अपील की है।

विरोध ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ की गयी

दवा दुकानदारों ने बताया कि यह बंदी उनकी कई मांगों को लेकर किया गया है। उनकी मुख्य मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक, कॉरपोरेट कंपनियों के भारी डिस्काउंट पर नियंत्रण और नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शामिल है। दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन कारोबार और बड़ी कंपनियों के डिस्काउंट की वजह से छोटे मेडिकल स्टोर का व्यवसाय लगातार प्रभावित हो रहा है।

एकदिवसीय सांकेतिक बंदी , कुछ जगह मिली दवाइयां

दुकानदारों ने कहा कि यह हड़ताल एक दिन का सांकेतिक विरोध है। हालांकि, आपात स्थिति को देखते हुए कुछ जगहों पर सीमित मात्रा में दवाएं दी गईं, ताकि गंभीर मरीजों को ज्यादा परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *