झारखंड में 200 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया और नई पोस्टिंग भी की गई|

Spread the love

Ranchi : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार 200 से अधिक पुलिस अधिकारियों का तबादला और नई पदस्थापना की गई है। कई अधिकारियों को प्रोन्नति देकर अलग-अलग जिलों और इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश 20 मई 2026 को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इस फेरबदल में रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, गढ़वा, पलामू, गुमला, चतरा, हजारीबाग, दुमका और साहेबगंज समेत कई जिलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कई SDPO और डीएसपी स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण भी किया गया है। वहीं कुछ अधिकारियों को विशेष शाखा, ट्रैफिक, साइबर सेल और IRB जैसी इकाइयों में तैनात किया गया है। अधिसूचना में कई अधिकारियों को डीएसपी पद पर प्रोन्नति दी गई है। प्रमोशन के बाद उन्हें विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षु और परिवीक्षाधीन अधिकारियों को भी नई जगहों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस ट्रांसफर सूची में विशेष शाखा, साइबर सेल, झारखंड जगुआर, IRB और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और अभियान इकाइयों में भेजा गया है, जिससे राज्य में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी दिखाई दे रही है।

जिन अधिकारियों की नई पोस्टिंग अभी तय नहीं की गई है, उन्हें पुलिस मुख्यालय, रांची में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने सभी अधिकारियों को नए आदेश के अनुसार तुरंत अपनी नई तैनाती पर योगदान देने को कहा है। इतनी बड़ी संख्या में हुए तबादले को राज्य में पुलिस प्रशासन को और मजबूत और सक्रिय बनाने की कोशिश माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे जिलों में कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को और बेहतर किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *