Ranchi : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से करीब दो महीने पहले लापता हुआ नाबालिग लड़का आखिरकार सही-सलामत मिल गया है। रांची पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बरामद किया है। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, पंकज रविदास नाम का नाबालिग 6 मार्च से घर से लापता था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस लगातार उसकी खोज में जुटी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई थी। टीम लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थी और तकनीकी जांच के जरिए बच्चे की लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लड़का उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हो सकता है।
गाजियाबाद के लोनी इलाके से मिला लड़का
सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पुलिस चौकी इलाके से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा किन परिस्थितियों में गाजियाबाद पहुंचा। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि मामले में किसी गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है। करीब दो महीने से बेटे की तलाश में परेशान परिवार अब उसके सुरक्षित मिलने से काफी खुश है। वहीं जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस बच्चे को रांची लाने की तैयारी कर रही है।
