Ranchi : पंडरा थाना क्षेत्र के तेल मील गली में 19 जनवरी 2026 को आकाश सिंह और विकास सिंह पर हुई फायरिंग मामले में रांची पुलिस ने आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर गोली चलाने वाला सोनू यादव ही था। एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस की टीम ने आरोपी को पटना के बिहटा इलाके से पकड़ा। गिरफ्तार सोनू यादव देवी मंडप रोड का रहने वाला है। रांची पुलिस उसे पटना से रांची लेकर आई है और फिलहाल गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। इस मामले को लेकर रांची पुलिस जल्द प्रेसवार्ता कर पूरी जानकारी साझा करेगी।
कमल भूषण हत्याकांड में भी सोनू यादव का हाथ था
राजधानी के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में रांची पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच में सामने आया था कि हत्या से पहले अपराधी सोनू यादव ने ही कमल भूषण की रेकी की थी। पूछताछ के दौरान सोनू यादव ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पूरी साजिश और प्लानिंग की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके अलावा, कमल भूषण के अकाउंटेंट संजय हत्याकांड में भी सोनू यादव की भूमिका सामने आई थी। उस मामले में भी उसने रेकी की थी, जिसके बाद रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
