तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, धनबाद रेफर|

Spread the love

Jamtara : जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित बरियारपुर गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रज्जाक किसी काम से अपने गांव से नारायणपुर जा रहे थे। इसी दौरान बरियारपुर गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की गंभीर हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

हादसे के बाद भागने की कोशिश में था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास कार को पकड़ लिया। घटना से नाराज लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी की। इससे कुछ देर के लिए वहां तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाला माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *