प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हंगामा|

Spread the love

Giridih : गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड की मोतिलेदा पंचायत स्थित लखठाही गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरातफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के अनुसार, लखठाही गांव निवासी 25 वर्षीय संजय रजक सोमवार सुबह करीब चार बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। इस दौरान वह लगातार अपनी प्रेमिका और उसके परिजनों को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। ग्रामीणों के अनुसार, संजय का नगर थाना क्षेत्र के चूड़ी मोहल्ला की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले युवती अपने प्रेमी के घर भी पहुंची थी, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई। गांव के लोगों का कहना है कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनती दिख रही थी, लेकिन बाद में किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवती पक्ष ने युवक और उसके परिवार के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी। बताया जा रहा है कि इसी बात से युवक काफी परेशान था। सोमवार सुबह युवक गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर से वह लगातार कहता रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसके परिजनों को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां मेले जैसा माहौल बन गया। कई ग्रामीणों ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक उससे बातचीत होती रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। प्रेम प्रसंग को लेकर युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही। लोग घंटों टावर के नीचे खड़े होकर उसकी हर गतिविधि पर नजर रखते रहे। गांव में दिनभर इसी घटना की चर्चा होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *