चतरा में बन रहे मकान में मचान टूटने से एक की मौत, एक घायल|

Spread the love

Chatra : झारखंड के चतरा शहर में राजा तालाब के पास एक बन रहे मकान में काम कर रहे दो मजदूर मचान टूटने से नीचे गिर गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के मोहनाडी गांव के रहने वाले दोनों मजदूर एक व्यक्ति के बन रहे मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मचान टूट गया और दोनों नीचे गिर पड़े।

एक की मौके पर मौत, दूसरा हजारीबाग रेफर हुआ

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मजदूरों को तुरंत चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 35 वर्षीय संजू भुइया को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं 40 वर्षीय संजय दास की हालत गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया।

अस्पताल में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही दोनों मजदूरों के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। सुबह काम पर निकले मजदूरों के साथ ऐसा हादसा होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। सूचना मिलते ही पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक के परिवार की ओर से थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *