गिरिडीह में शॉर्ट सर्किट से जनरल स्टोर में आग, 5 लाख से ज्यादा का नुकसान|

Spread the love

Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह में सोमवार देर रात एक जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए पूरी दुकान तक पहुंच गई, जिससे वहां रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने की कोशिश के दौरान दुकान मालिक और उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान में रखे चार फ्रिज, टीवी, मोबाइल फोन, दो फोटोकॉपी मशीन, नकद राशि और राशन का सामान पूरी तरह जल गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस हादसे में 5 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

आग बुझाने में पिता-पुत्र झुलस गए

घटना के समय दुकान मालिक मनोहर कुमार मरीक अपने परिवार के साथ दुकान के पीछे बने घर में थे। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग और आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने की कोशिश के दौरान मनोहर कुमार मरीक और उनके बेटे विक्रम कुमार मरीक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तुरंत एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। खबर मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और नुकसान और ज्यादा बढ़ सकता था।

परिवार पर मुसीबतों का पहाड़

इस हादसे में एक परिवार की वर्षों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख हो गई। दुकान मालिक ने बताया कि उनकी रोजी-रोटी का मुख्य सहारा यही दुकान थी। अब एक ओर इलाज का खर्च है, तो दूसरी ओर कारोबार फिर से शुरू करने की चिंता सता रही है। घटना के बाद इलाके के लोग भी सहमे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *