बंद मकान में तैयार हो रही थी नकली विदेशी शराब, 250 पेटी नकली शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

Ramgarh : रामगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खखरा टोला में एक बंद घर में चल रही नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार शराब, स्प्रिट, फर्जी होलोग्राम, स्टीकर, खाली बोतलें और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि नकली शराब को नामी कंपनियों के ब्रांड की तरह पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था।

गुप्त सूचना पर एसआईटी बनाकर हुई रेड

गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। जानकारी मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खखरा टोला स्थित एक बंद मकान में अवैध रूप से विदेशी शराब बनाई जा रही है और आसपास के कई इलाकों में उसकी सप्लाई की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ एसपी के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तुरंत छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ जांच में खुल गया पूरा खेल

पूछताछ में नकली शराब कारोबार का पूरा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मुर्मू और भदरू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने शराब बनाने और उसे जमा कर रखने में अपनी भूमिका स्वीकार की है। जांच में सामने आया कि यहां नकली विदेशी शराब तैयार की जाती थी। इसके बाद बोतलों पर अलग-अलग कंपनियों के फर्जी होलोग्राम, लेबल और स्टीकर लगाकर उसे असली ब्रांड की शराब बताकर बाजार में बेचा जाता था।

छापेमारी में क्या-क्या मिला

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब और उससे जुड़ा सामान बरामद किया। जब्त सामग्री में 250 पेटी विदेशी शराब, 1800 लीटर तैयार शराब, 1600 लीटर स्प्रिट, 20 हजार बोतलों के ढक्कन, 40 हजार फर्जी लेबल और स्टीकर, 20 हजार खाली शराब की बोतलें और बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री शामिल है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल शराब की सप्लाई में किया जाता था।

बड़ा नेटवर्क होने का शक

पुलिस को शक है कि इस कारोबार में सिर्फ दो लोग शामिल नहीं हैं। नकली शराब का इतना बड़ा जखीरा और पैकिंग की व्यवस्था किसी बड़े संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और नकली शराब किन इलाकों में भेजी जा रही थी। मामले में गोला थाना में अलग-अलग धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *