जमुनिया नदी के किनारे अवैध खनन पर छापा पड़ा, कोयला लदा ट्रक और मिनी हाइवा जब्त

Spread the love

Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। बाघमारा थाना क्षेत्र की जमुनिया नदी और उसके आसपास कई जगहों पर धड़ल्ले से अवैध खनन किए जाने की शिकायत मिल रही थी। लगातार हो रही खुदाई से जमुनिया नदी के अस्तित्व पर भी खतरा बढ़ने लगा है। जमुनिया नदी और जंगल को बचाने की मांग को लेकर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन सक्रिय हुआ। गुप्त सूचना के आधार पर माटीगढ़ा डैम कॉलोनी स्थित एलपीजी गैस गोदाम के पास सड़क मार्ग पर बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध कोयला लदा एक ट्रक और एक मिनी हाइवा जब्त किया गया|

अभियान की जानकारियाँ :

छापेमारी टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से भागने लगे। इस दौरान CISF जवानों ने मिनी हाइवा चालक को पकड़कर बाघमारा पुलिस के हवाले कर दिया। पर वहीं ट्रक चालक फरार होने में कामयाब हो गया। भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे एक गड्ढे में फंस गया। बाद में क्रेन की मदद से उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस वाहन को जब्त कर थाना ले जाने की तैयारी में जुटी थी।

मामला दर्ज करने की तैयारी और कानूनी कार्रवाई |

समाचार लिखे जाने तक बीसीसीएल ब्लॉक-टू क्षेत्रीय प्रबंधन और CISF की ओर से बाघमारा थाना में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया जारी थी। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है। लगातार हो रही खुदाई से नदी की धारा और पर्यावरण पर बुरा असर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *