
Ranchi : पाकिस्तान सरकार ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को खेलने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला किया था।
हालांकि, ICC के साथ हुई बैठकों और कई क्रिकेट बोर्डों के साथ-साथ श्रीलंका सरकार की अपील के बाद पाकिस्तान ने अपने रुख में बदलाव किया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए राष्ट्रीय टीम को मैच खेलने की अनुमति दे दी।
पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस निर्णय में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB), यूएई क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका सरकार की अपीलों को ध्यान में रखा गया। साथ ही BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बयान और उनके सहयोग की सराहना भी की गई।
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बातचीत के दौरान आपसी सहमति और संवाद के जरिए विवाद सुलझाने पर जोर दिया।
सरकारी बयान में स्पष्ट किया गया है,
“मित्र देशों की अपील और विभिन्न स्तरों पर हुई बातचीत को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को निर्धारित मुकाबला खेलने का निर्देश दिया है।”
