विधानसभा सत्र के दौरान झारखंड पुलिस अलर्ट, सवालों के जवाब तय समय में देने के सख्त निर्देश

Spread the love

Ranchi : विधानसभा बजट सत्र 2026 को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, सभी जिलों को विशेष तैयारी के निर्देश

Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने आगामी षष्ठम विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र 2026 को लेकर राज्य भर के पुलिस अधिकारियों को विशेष तैयारी के निर्देश जारी किए हैं। यह सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक चलेगा। इस दौरान विधानसभा सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों का तेजी, सटीकता और समयबद्ध तरीके से जवाब देना अनिवार्य होगा

पुलिस मुख्यालय ने सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी (रेल सहित), जैप डीआईजी, रांची, जमशेदपुर व धनबाद के एसएसपी, सभी जिलों के एसपी तथा जैप कमांडेंट को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे हैं।

हर जिले में बनेगा कोषांग, तुरंत जवाब की व्यवस्था

निर्देश के अनुसार, प्रत्येक जिला और कार्यालय में एक कोषांग (स्पेशल टीम) का गठन किया जाएगा। इस टीम में दो अधिकारी प्रभारी होंगे। कोषांग के सभी सदस्यों की फोन और ई-मेल सूची पुलिस मुख्यालय को भेजना अनिवार्य होगा, ताकि विधानसभा से जुड़े सवालों के जवाब बिना किसी देरी के भेजे जा सकें।

अपराध आंकड़े और बड़े मामलों की अपडेट रिपोर्ट तैयार रखें

विधानसभा सत्र के दौरान अपराध से जुड़े सवालों की संभावना को देखते हुए, सभी जिलों को पिछले छह महीनों के प्रमुख आपराधिक मामलों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखने को कहा गया है। रिपोर्ट में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी की स्थिति और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।

थाना व पिकेट से जुड़े सवालों में दें तथ्यात्मक जवाब

अगर विधानसभा में किसी क्षेत्र में नया थाना या पिकेट स्थापित करने से संबंधित सवाल पूछा जाता है, तो संबंधित जिले को तथ्यों के साथ यह बताना होगा कि वहां इसकी आवश्यकता है या नहीं

लंबित मामलों की रिपोर्ट तीन दिनों में भेजें

पुलिस मुख्यालय ने सभी लंबित मामलों और आश्वासनों की अनुपालन रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर भेजने का निर्देश दिया है। स्पष्ट किया गया है कि विधानसभा से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब सीधे विभाग या विधानसभा को नहीं, बल्कि केवल पुलिस मुख्यालय के माध्यम से भेजा जाएगा।

पुलिस मुख्यालय से होगा पूरा समन्वय

सत्र के दौरान विधानसभा कोषांग के प्रभारी अधिकारी कार्यालय में मौजूद रहेंगे। मुख्यालय से प्राप्त सवालों का जवाब ई-मेल या फैक्स के माध्यम से तुरंत भेजना होगा। सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और विधानसभा सत्र के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *