19 से 21 तक बारिश, ओलावृष्टि व वज्रपात की आशंका, येलो अलर्ट जारी

रांची : बंगाल की खाड़ी में एक एंटी साइक्लोन बना हुआ है | झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में रविवार से ही इसका असर दिख रहा है | 19 मार्च को इसका सबसे व्यापक असर दिख सकता है. मौसम विभाग ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है | मौसम विभाग के अनुसार, 19 मार्च को भी बारिश के साथ वज्रपात होगा | इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है | यह अलर्ट रांची समेत गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सिंहभूम और लोहरदगा में भारी बारिश के लिए किया गया है |

रांची मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा है कि 19 मार्च को कई स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है | कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं | 20 मार्च को पश्चिमी और मध्य हिस्से में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं | 21 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है | 22 मार्च से मौसम शुष्क होने का अनुमान है | अभिषेक आनंद के अनुसार, ओलावृष्टि, गर्जन और वज्रपात से जनजीवन प्रभावित हो सकता है | ऐसे समय में लोगों को संयमित रहने की जरूरत है | तेज हवा के समय सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए |

साथ ही मौसम केंद्र ने 21 मार्च तक के लिए रांची समेत अन्य जिलों के लिए चेतावनी जारी की है | पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलेगी | मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि हवा की अधिकतम रफ्तार 40-50 किलोमीटर होगी. इस दौरान वज्रपात भी हो सकता है | यह प्रभाव 21 तक रहेगा |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *