प्रेस विज्ञप्ति
रांची, झारखंड । 23 दिसंबर, 2025
रांची जिले के बुड़मू प्रखंड अंतर्गत मुरवे गांव में आज भाकपा माले नेता एवं झारखंड आंदोलनकारी काॅमरेड महावीर मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। यह अनावरण ग्राम प्रधान मोहन पहान तथा भाकपा माले नेताओं की उपस्थिति में ग्रामीणों के बीच सम्पन्न हुआ।

काॅमरेड महावीर मुंडा का जीवन जल-जंगल-जमीन, मजदूर-किसान और आदिवासी-मूलवासी समाज के हक-अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने उन शक्तियों के खिलाफ भी डटकर संघर्ष किया जो आदिवासी समाज के भीतर रहकर शोषण और सूदखोरी को बढ़ावा देते थे। 1 जनवरी 1965 को रांची जिले के बुड़मू प्रखंड स्थित मुरवे गांव में जन्मे महावीर मुंडा झारखंड आंदोलनकारी रहे तथा बाद में भाकपा माले के संगठनात्मक कार्यों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन 23 दिसम्बर 2022 को हुआ।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता एवं आदिवासी संघर्ष मोर्चा के झारखंड राज्य प्रभारी जगरनाथ उरांव ने कहा कि महावीर मुंडा ने जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा बचाने की जिस लड़ाई को प्रारंभ किया था, आज उसे और मज़बूती से आगे ले जाने की आवश्यकता है। भाकपा माले रांची जिला सचिव जगमोहन महतो ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण उनके संघर्षों को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि आज आदिवासियों के संसाधनों को काॅर्पोरेट हितों में लूटा जा रहा है और आवाज उठाने वालों को दमन का सामना करना पड़ रहा है। बस्तर और हसदेव के ताज़ा उदाहरण इसके प्रमाण हैं। दूसरी तरफ मोदी सरकार द्वारा लाए गए वीबी जी राम जी विधेयक है, जिसके कारण मनरेगा जो ग्रामीण लोगों को रोजगार की गारंटी देता था, उनको समाप्त किया जा रहा है।


भाकपा माले स्थानीय नेता अलमा खलखो ने कहा कि महावीर मुंडा ने जमीनों के अवैध कब्जों के खिलाफ संघर्ष को जो दिशा दी, उसे ग्रामीण आज भी आगे बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में महावीर मुंडा (2) द्वारा क्रांतिकारी गीत प्रस्तुत किए गए, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में जगरनाथ उरांव, कॉमरेड जगमोहन महतो, अलमा खलखो, ग्राम प्रधान मोहन पहान, कॉमरेड जयलाल मुंडा, सुदामा खलखो, रामकिशुन लोहरा, आइसा जिला अध्यक्ष विजय कुमार, उमेश मुंडा, मुकेश तिर्की सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
