UGC-NET परीक्षा रद्द : फिर से होगा एग्जाम, CBI करेगी मामले की जांच

Spread the love

नई दिल्ली : भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी-नेट जून 2024 परीक्षा को रद्द कर दिया है | भारत सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता के उच्चतम स्तर को बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है | परीक्षा एक दिन पहले दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी | अब एक नई परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए अलग से जानकारी साझा की जाएगी | साथ ही मामले की गहन जांच के लिए मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्णय लिया गया है |

गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से प्राप्त इनपुट से पता चला है कि परीक्षा में गड़बड़ी हुई है | साथ ही पेपर लीक होने की भी संभावना जताई गई है |

नीट (यूजी) 2024 का आयोजन भी एनटीए ने ही कराया

ज्ञात हो कि नीट 2024 का आयोजन करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने 18 जून 2024 को देश के विभिन्न शहरों में ओएमआर (पेन और पेपर) मोड में दो शिफ्ट में यूजीसी नेट परीक्षा 2024 का भी आयोजन किया था | जिसे अब रद्द कर दिया गया है | यूजीसी नेट 18 जून को देशभर के 317 शहरों के 1205 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी | इसमें 11 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे | यूजीसी-नेट परीक्षा के जरिए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की योग्यता तय होती है | इसके आधार पर उन्हें असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त किया जाता है | इस बार यूजीसी ने पीएचडी में एडमिशन इसी परीक्षा के जरिए देने का फैसला किया था !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *