Ranchi : पहले पाली में प्रश्नकाल होगा, जिसमें विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल पूछेंगे। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र का तीसरा दिन मंगलवार को कई अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए निर्धारित है।
अतिरिक्त एक घंटे में राज्य की कानून-व्यवस्था पर विशेष चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। भोजनावकाश के बाद सदन में द्वितीय अनुपूरक बजट पर तीन घंटे लंबी बहस होगी। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में पहले तय दो घंटे की अवधि बढ़ाकर तीन घंटे कर दी गई थी, जिसे सोमवार को स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने सदन की सहमति से मंजूरी दी।
झारखंड विधानसभा का यह शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा। 10 और 11 दिसंबर को सरकारी कार्य और राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे, जबकि अंतिम दिन गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयक और उनके प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
