सोमा मुंडा ह’त्याकांड : जोनल आईजी मनोज कौशिक पहुंचे खूंटी, कहा – अपराधी जल्द होंगे सलाखों के पीछे l

Spread the love

Khunti : खूंटी में आदिवासी नेता और अबुआ झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक दर्जन भर लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इस जांच के लिए एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जिसमें खूंटी, सायको, मारंगहाड़ा और मुरहू थाना प्रभारियों समेत 10 से 12 पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

जोनल आईजी मनोज कौशिक खुद खूंटी पहुंचे और एसपी मनीष टोप्पो सहित गठित जांच टीम के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान हत्या के कारणों से जुड़े हर पहलू को खंगाला गया।

बताया जा रहा है कि खूंटी जिले के हुटार स्थित महादेव मंडा के पास करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर विवाद था। जांच के दौरान पुलिस ने यह संभावना जताई है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद हो सकता है। पड़हा समाज के लोगों ने इस जमीन को अपने बताते हुए इस साल 3 जनवरी को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के जयंती के दिन पत्थलगड़ी की थी। इसके अलावा पुलिस हत्या के अन्य एंगल भी खंगाल रही है।

सोमा मुंडा की हत्या 7 जनवरी की शाम हुई थी, जिसके बाद खूंटी में जनता में गहरा आक्रोश देखने को मिला। 8 जनवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लोगों ने खूंटी के सभी प्रमुख रास्तों को जाम कर दिया। शहर की सभी दुकानें बंद रहीं। शाम को डीसी और एसपी के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी और शामिल लोगों को सलाखों के पीछे लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *