केवल 2 दिन में इस्तीफा, आलोक राज ने छोड़ दिया BSSC का अध्यक्ष पद l

Spread the love

Patna : बिहार के पूर्व डीजीपी और सीनियर IPS अधिकारी आलोक राज ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। आलोक राज ने मीडिया से फोन पर बातचीत में कहा कि उन्होंने निजी कारणों के चलते अपना इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपा जा चुका है।

आलोक राज ने हाल ही में लगभग 2 दिन पहले ही आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी।

आलोक राज 1989 बैच के IPS अधिकारी हैं और बिहार पुलिस के वरिष्ठ और भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं। सेवानिवृत्ति से पहले वे बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने पुलिस इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को गति दी और प्रशासनिक अनुभव व सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

बता दें कि आलोक राज को 31 दिसंबर को ही नीतीश सरकार ने आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, उन्हें इस पद पर अगले पांच वर्षों तक या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक बने रहना था। लेकिन उन्होंने दो दिन बाद ही पद से इस्तीफा दे दिया।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग राज्य में विभिन्न सरकारी पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है। आयोग की परीक्षाओं को लेकर हाल के वर्षों में कई सवाल उठे हैं, ऐसे में आलोक राज की नियुक्ति और इस्तीफा दोनों ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *