रांची में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत, अगले 2 दिनों में तीन डिग्री गिरेगा पारा

रांची : रांची समेत कई जिलों में रातभर भारी बारिश हुई | मौसम विभाग इसे झारखंड में मानसून की शुरुआत बता रहा है | 21 जून से पूरे झारखंड में मानसून का असर दिखने लगेगा | आईएमडी के अनुसार गुरुवार को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है | 22 और 23 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है | इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलेगी | बुधवार को राज्य में डालटनगंज सबसे गर्म रहा | यहां पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया | जमशेदपुर का तापमान 40 डिग्री और रांची का 37.6 डिग्री रहा |

दो दिनों में तीन डिग्री गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है | इस दौरान पलामू और गढ़वा के तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है | विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता बढ़ गई है और अगले दो से तीन दिनों के दौरान इसके झारखंड में प्रवेश करने की संभावना है | मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले चार दिनों तक राज्य में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश होगी | ऐसे में अगले चार दिनों तक बारिश का अनुमान राज्यवासियों के लिए अच्छी खबर है क्योंकि इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *