Ramgarh : नव वर्ष 2026 के स्वागत के लिए रामगढ़ जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मुख्य सड़कों, चौराहों और नुक्कड़ों पर भारी संख्या में बल तैनात किया है। लगातार गश्त के जरिए किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जाएगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार 31 दिसंबर की शाम से 1 जनवरी तक पूरे जिले में हाई अलर्ट रहेगा। नव वर्ष के जश्न के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
रामगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल रजरप्पा मंदिर और पतरातू डैम पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर नव वर्ष के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिसमें दूसरे राज्यों से आने वाले लोग भी शामिल हैं। भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी बढ़ा दी गई है।
जिले में जगह-जगह बैरिकेडिंग और वाहनों की सघन जांच भी की जाएगी। विशेष तौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार और हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। SP अजय कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नव वर्ष शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार और हुड़दंग से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी बढ़ा दी गई है। एसपी ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगीl
