कल तक वज्रपात व तेज हवा के साथ बारिश, 22 से मौसम होगा साफ   

रांची : बंगाल की खाड़ी में बने टर्फ का असर 21 मार्च तक झारखंड में रहेगा | दिन में धूप निकलेगी और शाम को तेज हवा के साथ बारिश होगी | 20 मार्च को इसका ज्यादा असर रहेगा | 21 से इसका असर कम होना शुरू हो जाएगा | 22 मार्च से मौसम शुष्क हो जाएगा | 25 मार्च तक मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है |

इधर, मंगलवार को भी राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा | सुबह से दोपहर तक बादलों और धूप का आना-जाना जारी रहा | इसके बाद तेज हवा और गरज के साथ कई जगहों पर बारिश हुई | पिछले 24 घंटे में रामगढ़ जिले में सबसे अधिक करीब 40 मिमी बारिश हुई |

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर अगले दो दिनों तक झारखंड में रहेगा | 21 मार्च के बाद सिस्टम कमजोर हो जाएगा | इसके असर से झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में बारिश हो रही है | बुधवार को तेज हवा के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है | हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा हो सकती है | राजधानी रांची के आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *