बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरा जनआक्रोश, आक्रोशित लोगों ने रातू रोड किया जाम

Spread the love

Ranchi : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के खादगढ़ा और महुआ टोली में मंगलवार को हुई अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जनआक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रातू रोड स्थित कब्रिस्तान के पास जुटने लगे और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़क जाम के कारण रातू रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और यहां तक कि एंबुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रहीं। हालात को संभालने के लिए पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा, लेकिन कई घंटों तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।

महिलाएं और बुजुर्ग भी उतरे सड़क पर

प्रदर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तख्तियां लिए लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिन मकानों को तोड़ा गया, वहां कई परिवार वर्षों से रह रहे थे। आरोप है कि प्रशासन ने बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के बुलडोजर कार्रवाई की, जिससे लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला।

“रहने का ठिकाना छिन गया”

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंगलवार को शुरू हुई कार्रवाई के बाद दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चों की पढ़ाई, रोज़गार और सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने मकान बनाने में जीवन भर की कमाई लगा दी थी, लेकिन अचानक हुई कार्रवाई ने उन्हें खुले आसमान के नीचे ला खड़ा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *