Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान श्याम ठाकुर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह परदेशी पाड़ा, सिनेमा मैदान के पीछे कमलेश निषाद के घर में किराए पर रह रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इसी बीच पुलिस ने मौके से श्याम ठाकुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की 11 पुड़िया बरामद की गई।
सोनारी थानेदार मधुसूदन दे ने बताया कि हेडक्वार्टर–2 डीएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी के कपाली बस्ती इलाके में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने उक्त क्षेत्र में छापेमारी की। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन करीब 20 ग्राम बताया जा रहा है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में सोनारी थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ रोक लगाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
