Ranchi : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची में प्रीमिलरी इंक्वायरी (PE) दर्ज की गई है। यह पीई रांची के सदर थाना में दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

यूथ कांग्रेस नेता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
यह मामला झारखंड यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष एस. अग्रवाल की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के बाद सामने आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रीमिलरी इंक्वायरी दर्ज की है।
एक्स हैंडल पर पोस्ट वीडियो बना विवाद की वजह
शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें वे फायरिंग और शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का वीडियो सार्वजनिक मंच पर साझा करना गलत संदेश देता है और इससे कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
आपत्तिजनक पोस्ट से समाज पर गलत प्रभाव का आरोप
यूथ कांग्रेस नेता एस. अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि यह पोस्ट आपत्तिजनक है और इसका समाज, विशेषकर युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की थी।
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो की सत्यता, पोस्ट किए जाने के उद्देश्य और इससे जुड़े कानूनी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रीमिलरी इंक्वायरी पूरी होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि आगे एफआईआर दर्ज की जाएगी या नहीं।
