Ranchi : नववर्ष 2026 के अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात की। सभी ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भी सभी को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद व मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि नया वर्ष राज्य के लिए नई उम्मीदें और नए संकल्प लेकर आया है। उन्होंने ईश्वर से झारखंडवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल, अपर मुख्य सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मस्त राम मीणा, राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, सदस्य राजस्व परिषद राजीव रंजन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक छवि रंजन, जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन, नगर विकास विभाग की निदेशक नगरीय प्रशासन नैंसी सहाय, विशेष सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग राजीव रंजन, आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, रांची के डीसी मंजुनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। राज्य के सर्वांगीण विकास में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जन-सहभागिता और प्रभावी कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सीएम ने नववर्ष के अवसर पर यह संदेश दिया कि मिलकर काम करने से ही राज्य को आगे बढ़ाया जा सकता है और आने वाला वर्ष झारखंड के लिए विकास और विश्वास का वर्ष बनेगा।
