रांची : भीषण गर्मी से देश और राज्य भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है | उत्तर-पश्चिम से चल रही गर्म हवा ने झारखंड में लोगों को परेशान कर दिया है | मौसम विभाग ने रविवार से राज्य के 11 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है | इन जिलों में धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा शामिल हैं | मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है |
वहीं, रविवार को राजधानी रांची में हल्के बादल छाये रहने की संभावना है | लेकिन रांची समेत खूंटी, रामगढ़, गढ़वा और पलामू जिले में लू चलेगी. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है | मौसम विभाग के मुताबिक 29, 30 अप्रैल और 1 मई को रांची समेत पूरे राज्य में लू चलेगी | अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है | राजधानी रांची के आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है |