Ranchi : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित लूप बार में रविवार देर रात पुलिस ने अचानक छापेमारी की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। छापेमारी के दौरान बार में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कुछ कुख्यात अपराधी लूप बार में एकत्र हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन की देखरेख में एक साथ कई थानों की पुलिस टीमों ने लूप बार को चारों ओर से घेर लिया। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से बार के अंदर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

हर व्यक्ति की गहन तलाशी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान बार में मौजूद सभी लोगों की बारीकी से जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए उनके पहचान पत्रों की पुष्टि की गई और उपलब्ध पुलिस रिकॉर्ड से मिलान किया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र लालपुर, सदर, कोतवाली और लोअर बाजार थाना क्षेत्र की पुलिस टीमें मौके पर तैनात रहीं।

बार परिसर के हर हिस्से की जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लूप बार के हर कोने की सघन तलाशी ली। वीआईपी केबिन, बार काउंटर और पार्किंग एरिया समेत सभी हिस्सों की जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार के हथियार या प्रतिबंधित सामग्री की मौजूदगी को सुनिश्चित रूप से रोका जा सके। जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति को बिना तलाशी के परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
