झारखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने पद संभाला l

Spread the love

Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को अपने पद की शपथ ले ली। शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित हुआ। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जस्टिस सोनक गुरुवार को रांची पहुंचे, जहां हाई कोर्ट के न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी उपस्थित रहे।शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने माननीय मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

जस्टिस सोनक अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में सिविल, संवैधानिक, श्रम, सेवा, पर्यावरण, वाणिज्यिक, कर और कंपनी कानून के मामलों में प्रैक्टिस की। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार तथा विभिन्न निगमों को कानूनी सेवाएं भी दीं। उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अब वह झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी, उच्च न्यायालय के पदाधिकारी, वरीय अधिवक्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *