रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है | 4 अप्रैल से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल और बारिश और कुछ हिस्सों में लू चल सकती है | मौसम विज्ञान केंद्र ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है | कहा गया है कि 4 से 6 अप्रैल तक कोल्हान और संताल के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है | वहीं, तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है | इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है |
कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ अभिषेक आनंद ने बताया है कि 5 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा | 6, 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है | 6 अप्रैल को राज्य के उत्तरी भाग (पलामू प्रमंडल और आसपास के इलाके) में अलग-अलग स्थानों पर और 7 अप्रैल को उत्तरी और मध्य (राजधानी और आसपास के इलाके) में गरज के साथ बारिश हो सकती है | 8 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी (कोल्हान) और मध्य भाग में छिटपुट बारिश हो सकती है | चूंकि यह बारिश वज्रपात के कारण होने वाली है, इसलिए पूरे जिले में बारिश नहीं होगी | जहाँ से भी बादल गुजरेगा, वहाँ वर्षा होगी |
6 को 38 डिग्री तक पारा चढ़ने का अनुमान
मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा | मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि 6 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है | इसके बाद मौसम में बदलाव के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है | राजधानी रांची के आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है |