वॉशिंगटन : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला किया गया है | जानकारी के अनुसार ट्रंप पेन्सिलवेनिया में रैली कर रहे थे, इसी बीच अचानक एक शख्स ने गोलीबारी कर दी | इस घटना का वीडियो सामने आया है | जिसमें नजर आ रहा है कि गोली से ट्रंप के कान छलनी हो गए | यदि गोली 2 सेंटीमीटर भी इधर होती तो ट्रंप की जान जा सकती थी | इस गोलीबारी में एक शख्स की जान चली गई जबकि सीक्रेट सर्विस ने फायरिंग करने वाले को मार गिराया | वायरल वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप गोलियां चलने के बाद वहीं पोडियम पर झुकते नजर आ रहे हैं |
इसके बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट ( सिक्योरिटी गार्ड) उन्हें घेरते दिखे | बता दें कि रैली में ट्रंप अपना हाथ उठाकर उन्हें संबोधित कर रहे थे | अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि मुझे पेंसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति के कार्यक्रम में हुई गोलीबारी के बारे में खबर मिली | राहत की बात यह है कि उन्हें गंभीर चोट नहीं पहुंची है | वहीं पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि अमेरिका के लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है | अभी तक ठीक से जानकारी नहीं है कि क्या हुआ था, लेकिन राहत की बात है कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को गंभीर चोट नहीं आई है |
