Lohardaga : लोहरदगा जिले में कुछ असामाजिक तत्वों ने जिला उपायुक्त कुमार ताराचंद का नाम और फोटो इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है।इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने आम जनता से सतर्क और सजग रहने की अपील की है।
इस आईडी के माध्यम से लोगों को भ्रामक और गुमराह करने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, इस फर्जी अकाउंट से सीआरपीएफ अधिकारियों का पुराना फर्नीचर बेचने का संदेश भेजा जा रहा है, जो पूरी तरह झूठा है। प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि ऐसे संदेशों पर भरोसा न करें और किसी भी तरह की प्रतिक्रिया न दें।
उपायुक्त कुमार ताराचंद की ओर से ऐसा कोई फेसबुक अकाउंट या संदेश जारी नहीं किया गया है। यदि किसी को इस तरह का फेक संदेश प्राप्त होता है, तो उसे तुरंत प्रशासन को सूचित करना चाहिए। फर्जी आईडी बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब किसी प्रशासनिक अधिकारी की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई गई हो। इससे पहले भी राज्य में डीजीपी और विभिन्न जिलों के उपायुक्तों समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फेक अकाउंट बनाए गए थे। प्रशासन ने नागरिकों से दोबारा अपील की है कि वे किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम से आने वाले संदेशों की सत्यता की जांच किए बिना उस पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें।
