
Ranchi : झारखंड में फरवरी का महीना इस बार कुछ अलग ही रंग दिखा रहा है। ठंड अब धीरे-धीरे विदाई की ओर है और गर्मी ने समय से पहले अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। राजधानी रांची में दोपहर होते-होते मौसम ऐसा हो जाता है कि लोग स्वेटर उतारने को मजबूर हो रहे हैं। हल्की धूप में कुछ देर खड़े रहने पर ही गर्मी का एहसास होने लगता है और पसीना भी आने लगता है।
सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, देवघर और गोड्डा समेत कई जिलों में दिन के समय मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। दोपहर की धूप अब चुभने लगी है और गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है।
दक्षिणी जिलों में 32–33 डिग्री तक पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के अधिकांश दक्षिणी जिलों में गर्मी ने पकड़ मजबूत कर ली है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इन इलाकों में दोपहर के समय स्वेटर पहनने की कोई जरूरत नहीं पड़ रही है। हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड अभी भी महसूस की जा रही है, जिस कारण पतली स्वेटर या हल्की जैकेट काम आ सकती है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जंगल और पहाड़ी इलाकों में अब भी ठंड का असर
एक ओर जहां दक्षिणी जिलों में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है, वहीं जंगल और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड अब भी बनी हुई है। गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रांची, हजारीबाग और रामगढ़ जैसे जिलों में सुबह और शाम के समय कंकरी ठंड महसूस हो रही है। गुमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दक्षिणी जिलों में दिन के समय तेज धूप में ज्यादा देर तक रहने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, ऐसे में सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। वहीं जंगल और ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड से बचाव के लिए हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
ठंड और गर्मी का मिला-जुला असर
कुल मिलाकर, इस बार फरवरी का महीना झारखंड में ठंड और गर्मी का मिला-जुला रूप लेकर आया है। दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, जबकि सुबह और शाम की ठंड यह याद दिला रही है कि सर्दी अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।
