अवैध कोयला कारोबार और मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर छापा, धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

Dhanbad : ईडी की टीम ने डेको आउटसोर्सिंग के संचालक और ट्रांसपोर्टर मनोज अग्रवाल, कोयला कारोबार से जुड़े सुधीर चौटाला और इंद्रराज भदौरिया के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार से कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का हिस्सा बताई जा रही है। धनबाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह कोयला कारोबार और आउटसोर्सिंग से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की।

सुबह करीब 7.30 बजे ईडी की गाड़ियां धनसार स्थित मनोज अग्रवाल के आवास पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय सुरक्षा बलों ने परिसर को घेर लिया। अधिकारी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं। ईडी की कार्रवाई से शहर में हलचल बढ़ गई है और इलाके में लोगों की नजरें लगातार कार्रवाई पर हैं।

बीते महीने धनबाद में लगभग 18 ठिकानों पर छापे पड़े थे। 21 नवंबर को ईडी ने बीसीसीएल के टेंडर में गड़बड़ी, कोयला अवैध कारोबार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में धनबाद, दुमका और पश्चिम बंगाल में कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई पिछली रेड के आधार पर आगे बढ़ाई गई है।

पिछली छापेमारी में धनबाद के कई ठिकानों पर ईडी ने दस्तावेज और 2.40 करोड़ रुपए नकद और जमीन की 120 डीड जब्त की थी। इसमें एलबी सिंह, कुंभनाथ सिंह, संजय खेमका और कारोबारी अनिल गोयल के ठिकाने शामिल थे। ईडी अब भी कई घंटों से लगातार तलाशी अभियान में लगी हुई है और कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *