Ranchi : वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश शरण का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने रांची के दीपाटोली स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 80 वर्ष के थे।
उनके निधन की खबर से शिक्षा, पत्रकारिता और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के अनुसार डॉ. शरण वर्ष 2021 से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से इलाज चल रहा था। वे अपने पीछे पुत्री और दामाद को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में किया जाएगा।
डॉ. वेद प्रकाश शरण का जीवन शिक्षा और पत्रकारिता को समर्पित रहा।
वे रांची विश्वविद्यालय में प्रो वाइस चांसलर के पद पर कार्यरत रहे। इससे पहले उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। इसके साथ ही वे सेंट जेवियर्स कॉलेज में पत्रकारिता विभाग के निदेशक भी रहे।
राजनीतिक क्षेत्र में भी डॉ. शरण की सक्रिय भूमिका रही। वे कांग्रेस की झारखंड प्रदेश इकाई के पूर्व मुख्य प्रवक्ता रहे और अपनी स्पष्ट व संतुलित विचारधारा के लिए पहचाने जाते थे। वे रांची प्रेस क्लब के संस्थापक संयुक्त सचिव थे और लंबे समय तक पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय रहे।
पत्रकारिता के क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। वे रांची प्रेस क्लब ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
उनके निधन से परिवार के साथ-साथ शिक्षा जगत, पत्रकारिता जगत और राजनीतिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है। कई सामाजिक, शैक्षणिक और पत्रकार संगठनों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
