Ranchi : झारखंड में नए साल की शुरुआत के साथ ही ठंड तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा या धुंध छाई रहेगी। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में सुबह विजिबिलिटी कम रह सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलने की संभावना है।
खासकर मध्य झारखंड के जिलों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची और हजारीबाग में भी रात का तापमान 6 से 7 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में भी रातें काफी सर्द रहेंगी और तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है।
उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। 3 और 4 जनवरी को उत्तरी झारखंड के जिलों में भी घना कोहरा छा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
दिन के तापमान की बात करें तो दक्षिणी और पूर्वी झारखंड के जिले अपेक्षाकृत गर्म रहे। चाईबासा में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सरायकेला और बहरागोड़ा में यह 26 डिग्री से ऊपर रहा। रांची में दिन का तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय कोहरे के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिरने से ठंड और बढ़ने की संभावना है।
