राजहरा कोल माइंस से खनन शुरू, कोयला मंत्री ने किया शुभारंभ l

Spread the love

Palamu : कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने जिले के पड़वा अंचल के राजहरा कोलियरी क्षेत्र में नव संचालन कार्य का शुभारंभ किया। पलामू जिले के ‍284 वर्ष पुरानी और लगभग 16 वर्ष से बंद सेंट्रल कोलफील्ड की राजहरा कोलियरी में शनिवार से कोयला खनन कार्य शुरू हो गया।

मालूम हो कि सांसद विष्णु दयाल राम की ओर से राजहरा कोल माइंस शुरू करने को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा था और खनन कार्य का शुभारंभ होने पर उनका प्रयास रंग लाया। मौके पर कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि कोल के क्षेत्र में भारत विकसित हो रहा है। दूसरे देशों को कोयला निर्यात कर रहा है। इलाके के लिए सीसीएल प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्व है।

इसके नव संचालन से रोजगार के साथ साथ क्षेत्र का विकास होगा। पलायन पर रोक लगेगी। लंबे समय से राजहरा कोल माइंस को चालू कराने की मांग की जा रही थी। सरकार ने इसे प्राथमिकता में लिया।

सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि राजहरा माइंस से सामान्य तौर पर 0.30 मिलियन टन प्रतिवर्ष और अधिकतम 0.50 मिलियन टन प्रत्येक वर्ष उत्पादन क्षमता है। फरवरी 2037 तक पर्यावरण मंजूरी है, जबकि संचालन के लिए सीटीओ की वैलिडिटी मार्च 2026 तक है और रिनिवल की प्रक्रिया चल रही है। कुल 20 लोगों से 2-2 एकड़ जमीन अधिग्रहण की गयी है। दो एकड़ जमीन वाले परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जा रही है। दो लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। सीएसआर फंड से कई उपयोगी कार्य किए जाएंगे।

इसे पुनः चालू करने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किया और आज सफलता मिली। राजहरा कोलियरी क्षेत्र में 4.5 मिलियन टन ग्रेड-9 स्तर का कोयला है। वहीं मौके पर सांसद वीडी राम ने कहा कि 1842 ईस्वी में राजहरा कोलियरी से भूमिगत खनन कार्य शुरू हुआ था। 149 वर्षों तक भूमिगत खनन कार्य हुआ। बाद में इसे 1991 में बंद कर दिया गया। यह करीब 284 वर्ष पुरानी कोल माइंस है और पिछले 16 साल से बंद पड़ी थी l

इसके पूर्व कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे के पलामू पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सांसद विष्णुदयाल राम के नेतृत्व में भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय कोयला राज्य मंत्री का मेदिनीनगर में अभिनंदन किया। साथ ही अंगवस्त्र और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित कई भाजपा नेता, सीसीएल के पदाधिकारी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *